हाइवे पर थार की छत पर चढ़कर पटाखेबाजी करने वाले दो दबोचे, रील बनाकर मचाया था उपद्रव

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने और हाइवे पर जानलेवा स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना नई मंडी पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर कारों की छत पर खड़े होकर विस्फोटक पटाखे छोड़ने, राहगीरों की जान जोखिम में डालने और रील बनाकर उपद्रव मचाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल की रात होटल रॉयल पैलेस में आयोजित शादी समारोह के दौरान कुछ युवक अलग-अलग गाड़ियों की छतों पर चढ़ गए और सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक तरीके से पटाखे छोड़ने लगे। इस दौरान हाइवे से गुजर रहे लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
इसके अलावा 23 अप्रैल को भोपा रोड पर थार सवार युवकों द्वारा दबंगई दिखाने और उपद्रव मचाने की शिकायत भी सामने आई थी। दोनों मामलों में थाना नई मंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी आनन्द देव मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार को विश्वकर्मा चौक से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुषार पुत्र मनोज और विकुल तोमर पुत्र निगम पाल सिंह निवासी ग्राम मखियाली, थाना नई मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक थार गाड़ी नंबर UP 12 BX 6642 और एक किया कार नंबर UP 11 CE 1983 बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ती स्टंटबाजी और सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की प्रवृत्ति पर पुलिस की यह कार्रवाई कड़ा संदेश मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *