रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर,जानसठ। तहसील जानसठ के सभागार में किसान फार्मा रजिस्ट्री को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी राजकुमार भारती ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि किसान फार्मा रजिस्ट्री का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक किसान का सटीक और समग्र डाटा तैयार करना है, ताकि उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से मिल सके। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया किसानों के हितों की सुरक्षा और योजनाओं के सही क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर किसानों को रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जागरूक करें तथा पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता न बरती जाए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान किसानों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। किसानों से अपील की गई कि वे समय पर अपने दस्तावेज उपलब्ध कराएं और इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें।
इस अवसर पर राजस्व विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी के समन्वित प्रयासों से किसान फार्मा रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया जाएगा।

