रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर, जानसठ। वैश्विक स्तर पर मनाए जाने वाले पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर स्थित सक्सेस किड्स एकेडमी में एक आकर्षक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी को पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाकर पृथ्वी की सुंदरता को दर्शाया और साथ ही जल संरक्षण का महत्व समझाया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्तियों में यह स्पष्ट झलक रहा था कि “जल है तो कल है” और “स्वच्छ पृथ्वी ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।” छोटे-छोटे बच्चों द्वारा दिए गए संदेशों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों को भी भावुक कर दिया।
विद्यालय की संचालिका श्रीमती अंजलि गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को छोटी उम्र से ही स्वच्छता और जल संरक्षण की आदतें सिखाई जाएं, तो आने वाली पीढ़ी निश्चित रूप से एक बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण करेगी।
कार्यक्रम में बच्चों ने पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से “पृथ्वी बचाओ, जीवन बचाओ” का संदेश दिया। इस अवसर पर अंकुश, अमायरा, अद्विक, आदित्य, दिव्यांश, ध्रुव, फ़ैज़, हमद, हार्दिक, समृद्धि, सारा, शिवम, श्रेयांश, वंश, विहान, विदुषी, अथर्व, अरिहंत, आरुष, अनमोल, भाविक, माहिर, मणिकर्णिका, कायनात, प्रबनूर, शिवांग, विनायक, युग, इंसा, आकृति, अभय, नित्या, आहिल, दिव्यांशी, गरिमा, मान्या, हिदाया, समद, साफिया, वाणी सहित अनेक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

