रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मदीना चौक पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्लासिक कन्फैक्शनरी नाम की ड्राई फ्रूट्स दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
सुबह-सवेरे धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान स्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने शटर खोलकर देखा तो अंदर आग धधक रही थी और दुकान में रखा सामान जल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से बाजार क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अग्निशमन अधिकारी आरके यादव ने बताया कि मदीना चौक स्थित दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।
समय रहते दमकल कर्मियों की सक्रियता नहीं होती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

