Headlines

एसएसपी ने क्राइम ऑफिस का किया औचक निरीक्षण, कार्यप्रणाली पर कसा शिकंजा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक अपराध कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने कार्यालय परिसर में संचालित विभिन्न शाखाओं—डीसीआरबी, अंगुल छाप शाखा, एएचटीयू थाना, मॉनिटरिंग सेल, क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम थाना—का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों की स्थिति और तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन होना चाहिए, जिससे किसी भी समय जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अपराध संबंधी सूचनाओं के समयबद्ध संकलन और उनके विश्लेषण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को तेजी से निस्तारित करने के निर्देश दिए और कहा कि अपराध नियंत्रण में आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने साइबर क्राइम थाना को सतर्क रहने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही आमजन को जागरूक करने पर भी बल दिया।
मानव तस्करी जैसे संवेदनशील मामलों को लेकर एएचटीयू शाखा को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं डीसीआरबी को अपराध आंकड़ों का विश्लेषणात्मक और अद्यतन रिकॉर्ड बनाए रखने तथा मॉनिटरिंग सेल को मामलों की सतत निगरानी करने के लिए कहा गया।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि यही मजबूत कानून व्यवस्था की कुंजी है। इसके साथ ही कार्यालय में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *