रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मुस्तैद और सटीक व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने की कड़ी में बुधवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।
दरअसल, 13 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुजफ्फरनगर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती बनी हुई थी। ऐसे में यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने जिम्मेदारी संभालते हुए न केवल पार्किंग प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखा, बल्कि पूरे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा। उनकी सतर्कता और बेहतर समन्वय के चलते कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के सकुशल संपन्न हो सका।
इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए 15 अप्रैल को एसएसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें 5100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार पुलिसकर्मी ही विभाग की साख को मजबूत करते हैं।
इस मौके पर अधिकारियों ने अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन इसी तरह निष्ठा और लगन के साथ करें, ताकि जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

