रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाले शातिर गिरोह का बुढाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलाह, नगदी, चोरी किया गया टावर उपकरण और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को कस्बा बुढाना निवासी दिलनवाज त्यागी ने थाना बुढाना में तहरीर देकर मोबाइल टावर से आरआरयू समेत अन्य उपकरण चोरी होने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की थी।
बुधवार को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि टावर चोरी में शामिल आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार से बड़कता की ओर से बुढाना आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने भारत टॉकीज-बड़कता रोड स्थित सनराइज स्कूल के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर दो आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे व 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, 8 हजार रुपये नगद, टावर से चोरी की गई बैटरी, दो चार्जर, एक बीबीयू और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पहले टावरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उपकरण चोरी कर लेते थे। चोरी किया गया आरआरयू कबाड़ी को बेच दिया गया था, जबकि बाकी सामान कार में रखा हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. आरिफ उर्फ लाला निवासी शास्त्री पार्क दिल्ली और आजाद निवासी लिसाड़ी गेट मेरठ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मेरठ समेत विभिन्न थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उनके शातिर अपराधी होने की पुष्टि होती है।
थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से टावर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और नेटवर्क की भी तलाश में जुटी है।

