रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब शाहदरा बांगर गांव में शाम ढलते ही एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रेम प्रसंग से जुड़ी इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर में सोमवार की शाम करीब 24 वर्षीय अक्षय पुत्र चन्द्रपाल रोशवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अक्षय अपने खेतों से घर लौट रहा था, तभी गांव के ही तीन युवकों ने उसे घेर लिया। पहले आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।
जान बचाने के लिए अक्षय वहां से भागा और पास में ही विक्रम गुर्जर के घर में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन हमलावर पीछा करते हुए घर के अंदर तक घुस गए। जहां उन्होंने अक्षय पर ताबड़तोड़ हमला करते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही अक्षय खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया है कि अक्षय को दो गोलियां मारी गईं, वहीं उसके शरीर पर धारदार हथियारों के गहरे निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक अक्षय के परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। पिता चन्द्रपाल, माता राजवती, भाई अर्जुन और भीम सिंह समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अक्षय चार भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था और दिल्ली में नौकरी करता था। फिलहाल वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।
प्राथमिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अक्षय के गांव की ही एक विवाहित महिला से संबंध थे, जिसकी भनक महिला के परिजनों को लग गई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसने आखिरकार खूनी रूप ले लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि निजी रंजिश और अवैध संबंध किस तरह से एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लेते हैं।

