रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र के हंसराजपुर बाजार में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच सप्लाई विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर ने छापेमारी के दौरान एक मिठाई की दुकान से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए।
जानकारी के अनुसार, हंसराजपुर बाजार स्थित संदीप स्वीट हाउस पर सप्लाई विभाग की टीम ने जांच की। जांच के दौरान दुकान में 10 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है, जबकि क्षेत्र में आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।
छापेमारी के दौरान मिले सिलेंडरों को विभागीय टीम ने कब्जे में ले लिया और दुकान संचालक से पूछताछ की। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, तब इस तरह से घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना गंभीर मामला है।
सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

