रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में फेडरेशन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन से जुड़ी 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस पर एनएचएआई मेरठ द्वारा सहमति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नैराना विद्युत उपकेंद्र के सामने से गुजर रही ओवरहेड लाइन को सुरक्षित बनाने के लिए उसे अंडरग्राउंड करने अथवा विद्युत पोल के माध्यम से केबल डालने के विकल्प पर भी विचार किया गया। जिलाधिकारी ने एनएचएआई, विद्युत विभाग और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को संयुक्त निरीक्षण कर समाधान प्रस्तावित करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मैसर्स राधा गोविन्द ऑटोमोबाइल्स प्रा. लि. मुजफ्फरनगर को एनओसी और मानचित्र जारी करने के संबंध में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं मेरठ रोड स्थित बीके टाइल्स के पास लिंक रोड के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण का आगणन तैयार कर 15वें वित्त आयोग की संस्तुति 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी को भेज दिया गया है।
आईटीआई मेरठ रोड से औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े ट्रकों की समस्या पर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एआरटीओ मुजफ्फरनगर को निर्देश दिए कि ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक संगठनों का आह्वान करते हुए कहा कि औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करें, जिससे औद्योगिक क्षेत्र का स्वरूप बेहतर हो सके।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर, जिला स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।

