छापेमारी में बेनकाब हुआ होटल रोज़ इन का काला कारोबार, कमरों में आपत्तिजनक हालत में मिले चार जोड़े

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस के सख्त रुख के बीच थाना नई मंडी क्षेत्र के पचेण्डा रोड स्थित होटल रोज़ इन में की गई छापेमारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ASP नई मंडी के नेतृत्व में नई मंडी पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने जब होटल पर अचानक दबिश दी, तो भीतर का नज़ारा देख अधिकारी भी चौंक गए। होटल के अंदर बने छोटे-छोटे कमरों में चार जोड़े आपत्तिजनक हालत में मिले, जिससे होटल संचालन की असलियत सामने आ गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। जांच में खुलासा हुआ कि होटल को ठहरने की आड़ में अनैतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस को होटल के रजिस्टर में कई चौंकाने वाली एंट्रियां मिलीं, जिनमें एक घंटे, दो घंटे और तीन घंटे के लिए कमरे दिए जाने का उल्लेख था। इन एंट्रियों में 500 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की रकम दर्ज पाई गई, जिसने होटल के पूरे सिस्टम को संदेह के घेरे में ला दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पचेण्डा रोड स्थित यह होटल ओयो होटल के नाम से भी संचालित किया जा रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया कि होटल में आने-जाने वालों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था और रजिस्टर में दर्ज कई नाम व विवरण संदिग्ध पाए गए। नियमों को ताक पर रखकर होटल संचालन किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि जनपद में अपराध और अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नई मंडी पुलिस और AHTU टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छापेमारी में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनके आधार पर होटल संचालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि होटल तीन लोगों की साझेदारी में संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के समय दो संचालक मौके पर मौजूद मिले, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रजिस्टर में दर्ज एंट्रियों, संपत्ति के कागजात और होटल संचालन से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच में जिन-जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उन सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल को लेकर पहले भी कई बार संदेह जताया गया था, लेकिन अब पुलिस कार्रवाई के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में इस तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी ऐसे स्थानों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *