शहर विधायक आकाश सक्सेना और पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने संयुक्त रूप से किया शिलान्यास
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक भमरौआ शिव मंदिर को जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। करीब 2.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क का शिलान्यास शहर विधायक आकाश सक्सेना एवं पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने नारियल फोड़कर किया। इसके बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया।
भमरौआ स्थित श्री पातालेश्वर शिव मंदिर को जाने वाली सड़क काफी समय से बदहाल थी। ऐसे में ग्रामीणों के साथ मंदिर आने जाने वाले लोगों को अत्यधिक दिक्कतें हो रही थीं, जिसके बाद लोगों ने शहर विधायक आकाश सक्सेना ने सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की मांग की थी। ऐसे में शहर विधायक ने प्रस्ताव शासन को भेज दिया। शासन से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से मंगलवार को सड़क का शिलान्यास किया गया। शहर विधायक आकाश सक्सेना, पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर मार्ग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि भमरौआ शिव मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की पहचान भी है। वर्षों से संकरी सड़क होने के कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क के चौड़ीकरण से अब यातायात सुचारु होगा, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता रही है। भमरौआ रोड का चौड़ीकरण क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आसपास के मोहल्लों को भी लाभ मिलेगा और क्षेत्र का स्वरूप बेहतर होगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हर्षित जैन, रामगोपाल, मयंक सक्सेना, संजू बाबा प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
30 लाख रूपये से बनेगी रामलीला मैदान की सड़क
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज से लेकर रामलीला ग्राउंड उत्सव पैलेस तक जाने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण में करीब 30 लाख रूपये की लागत आएगी। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामलीला मैदान की सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह इसलिए भी क्योंकि रामलीला मैदान के साथ ही दो बड़े-बड़े इंटर कालेज भी इस मार्ग पर स्थित हैं। इसके अतिरिक्त उत्सव पैलेस में बड़ी संख्या में सार्वजनिक आयोजन होते हैं। ऐसे में सड़क के बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
