शाहजहाँपुर, 15 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जनपद में योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को शहीद संग्रहालय में किया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने भगवान धन्वन्तरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज के भागदौड़, तनाव और बढ़ती महत्वाकांक्षाओं के दौर में लोग जीवन की लय को खोते जा रहे हैं। ऐसे समय में भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग एक शीतल छांव की तरह है, जो मन, प्राण और शरीर के संतुलन को बनाए रखते हुए जीवन को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में योग विज्ञान संस्थान के जिला प्रधान डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। मंच पर ज्योति गुप्ता, अखंड प्रताप एवं चिवनाथ पाल ने योगासनों का प्रदर्शन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।
अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद अंसारी तथा जिला होम्योपैथ अधिकारी डॉ. शबीना नाज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम का संचालन कवि डॉ. इन्दु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, छावनी परिषद के मानद सदस्य अवधेश कुमार दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविरल सिंह चन्देल, डॉ. मनु यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. शिवपूजन सिंह, विनीत मिश्रा, दपिन्दर कौर, मो. इमरान, अनुराग पाल, ऊषा कश्यप समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
