रिपोर्ट कबीर
मुज़फ्फरनगर,पुरकाजी। नगर पंचायत पुरकाजी की बोर्ड बैठक गुरुवार को चेयरमैन जहीर फारूकी की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों, कावड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा तथा नगर के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी वर्ष की कावड़ यात्रा को और बेहतर बनाने के लिए अभी से रूपरेखा तैयार करने और आवश्यक प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 15 अगस्त के अवसर पर पूरे नगर को तिरंगामय स्वरूप दिया जाएगा। सूली वाला बाग से रोडवेज बस स्टैंड तक अतिरिक्त लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे, जिन पर शुक्रवार से देशभक्ति के गीत प्रसारित किए जाएंगे। इसके साथ ही नगर को आकर्षक ढंग से सजाने की भी तैयारी की जाएगी।
चेयरमैन जहीर फारूकी ने कहा कि इस वर्ष कावड़ यात्रा के दौरान सामने आई कमियों का गंभीरता से मूल्यांकन किया गया है। भविष्य में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि अगले वर्ष व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ रहें।
बोर्ड बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। वहीं, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा, समर बाबू, विकसित, रजनेश, फहमीदा, निसार अहमद, इशरत जहां, शाहआलम गौड़, इस्तखार उर्फ लाल्ला, आतिफ खान, शबनम, नदीम अहमद, फरजाना, आजाद फरीदी, आलम कुरैशी, विशाल, मसरूर खान सहित निर्वाचित सभासद तथा मनोनीत सभासद रजत गोयल और पप्पू धीमान मौजूद रहे।
