सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही मदद
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम कई परिवारों के लिए नई उम्मीद की किरण बनकर उभरा। जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न केवल पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि स्वास्थ्य और छत की समस्या से जूझ रहे परिवारों को मौके पर ही बड़ी राहत प्रदान की।
जनता दर्शन के दौरान सदर तहसील के शिव विहार कॉलोनी निवासी राजेश अपनी वृद्ध माता मुन्नी देवी के साथ जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया तथा राजेश ने अपने पुत्र रघुवीर यादव की दिल की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी का हवाला दिया, जिसपर जिलाधिकारी ने मौके पर ही राजेश और उनकी माता मुन्नी देवी एवं रघुवीर के दिल के इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए। इससे अब रघुवीर का इलाज निःशुल्क और बेहतर चिकित्सा संस्थान में हो सकेगा। परिवार के आवासीय संकट को देखते हुए उन्होंने काशीराम आवास भी आवंटित किया, जिससे परिवार की घर की समस्या दूर हो गई।
इसके अतिरिक्त सदर तहसील के ग्राम पंजाबनगर निवासी राकेश और उनकी पुत्री रितिका को भी बड़ी राहत मिली। रितिका पिछले कई दिनों से अपने उपचार को लेकर परेशान थी और पूर्व में भी जनता दर्शन में आई थी। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए उन्हें भी आयुष्मान कार्ड सौंपे, ताकि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का सीधा लाभ उन्हें मिल सके।
जनता दर्शन में स्वास्थ्य, आवास, राशन कार्ड और चकबंदी जैसे जनहित के कई मामले आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत का निस्तारण ही काफी नहीं, शिकायतकर्ता की संतुष्टि अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। जनता दर्शन में आने वाला हर फरियादी मुस्कुराते हुए वापस लौटे
