रिपोर्ट -एकरार खान


गाजीपुर।
मनिहारी ब्लॉक के युसुफपुर खड़बा स्थित प्रियंका मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री कृष्ण दत्त द्विवेदी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन श्री शैलेश सिंह’ द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर अच्यूत कुमार पाण्डेय, विभागाध्यक्ष (मानसिक रोग), काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री कृष्ण बिहारी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष गाजीपुर भाजपा रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें गीत, नृत्य और भाषण के माध्यम से गणतंत्र की गरिमा और संविधान के मूल्यों को दर्शाया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर अच्यूत कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ मानसिक और नैतिक विकास भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक का निर्माण हो सके। विशिष्ट अतिथि कृष्ण बिहारी राय ने छात्रों को देश के प्रति कर्तव्यों का बोध कराते हुए संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावकगण, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
