डीसीएम की टक्कर से अनियंत्रित कार दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ी
रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। कानपुर–प्रयागराज हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थरियांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला के पास प्रयागराज की ओर जा रही एक एक्सयूवी कार (संख्या HR34N8956) को ओवरटेक के दौरान एक डीसीएम ने टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी लेन में चली गई, जहां कानपुर की ओर लोहे के एंगल लादकर जा रहे एक ट्रेलर ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार डॉक्टर दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रेलर ट्रक भी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे घायल दंपति को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया। कार पर डॉक्टर का चिन्ह बना हुआ था। घायल युवक की पहचान मनीष कुमार (35) तथा महिला की पहचान पल्लवी (29) के रूप में आधार कार्ड से हुई। जिला अस्पताल में जानकारी मिली कि दोनों पेशे से डॉक्टर हैं। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थरियांव थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीएम चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
