रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। सैदपुर -बासुपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय एवं उत्कृष्टता केन्द्र, दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) के प्रोफेसर एवं निदेशक डॉ. राम शंकर जी का विद्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
डॉ. राम शंकर ने विद्यालय परिसर का विस्तृत भ्रमण किया तथा विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों, उनके लक्ष्य एवं भविष्य की योजनाओं के विषय में चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राम शंकर द्वारा नए शैक्षणिक सत्र हेतु प्रकाशित विज्ञापन पुस्तिका का विधिवत विमोचन किया गया। उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने उनके आगमन को गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर हैप्पी होम इंग्लिश स्कूल वाराणसी के प्रबंधक पुष्प रंजन अग्रवाल, डिवाइन ग्लोबल स्कूल जमानिया के निदेशक प्रकाश यादव एवं विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय के प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा, उप प्रधानाचार्य महेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा, पूनम श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, अंजली सिंह, राजन गुप्ता आदि शिक्षकगण उपस्थित रहें।
