रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया, जब भगत सिंह रोड स्थित एचडी मार्केट से लेकर शिव चौक तक पुलिस ने अचानक सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। डॉग स्क्वॉड, एलआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे बाजार क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और दुकानों की गहन जांच की गई। बाजार में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली गई, जबकि डॉग स्क्वॉड ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाकर हर कोने को खंगाला। एलआईयू टीम ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी।
अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से बाजार में मौजूद लोगों में हलचल मच गई। कई लोगों से पूछताछ की गई और वाहन चालकों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया कि शहर की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
एसीपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी इसी तरह औचक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
शिव चौक और भगत सिंह रोड जैसे व्यस्त इलाकों में पुलिस की सक्रियता ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
