Headlines

रतनपुरी मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश ढेर होने से बचा, गोली लगने से घायल, तमंचा व बाइक बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत रतनपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार तड़के रतनपुरी-राधना मार्ग पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी व गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर बदमाश हसन को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह रतनपुरी पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राधना की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय तेज रफ्तार में बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा। शक गहराने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। कुछ दूरी पर बदमाश की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद वह ईंख के खेतों में घुस गया।


खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मौके से उसे दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान हसन पुत्र मौजूद्दीन निवासी नंगला रियावली, थाना रतनपुरी के रूप में हुई है। हसन पर मेरठ, मुज़फ्फरनगर, सीतापुर और बागपत जनपदों में लूट, चोरी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह बागपत के रमाला थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हसन लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी से जिले और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों में खलबली मची है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *