Headlines

चाय बनाते समय भीषण हादसा: गैस चूल्हे से भड़की आग, गरीब का आशियाना जलकर राख

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में रविवार सुबह एक मामूली लापरवाही ने भयावह रूप ले लिया। गैस चूल्हे पर चाय बनाते समय लगी आग ने कुछ ही मिनटों में एक गरीब परिवार का पूरा आशियाना जलाकर राख कर दिया। हादसे में घर में रखा कपड़ा, गृहस्थी का सामान और शादी के लिए जुटाई गई सामग्री सब कुछ खाक हो गया।
घटना थाना नई मंडी क्षेत्र के कुकड़ा कमलनगर, 30 फुटा रोड नाले के पास की है। रविवार सुबह करीब 10 बजे विनोद पाल के घर में गैस चूल्हे पर चाय बन रही थी। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उस समय विनोद पाल घर से बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे।
गनीमत रही कि समय रहते घर में मौजूद लोग बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, आने वाले दिनों में घर में शादी समारोह होना था, जिसके लिए कपड़े और अन्य जरूरी सामान पहले से इकट्ठा कर रखा गया था, लेकिन आग ने सब कुछ तबाह कर दिया।
आग की सूचना मिलते ही दाऊदी फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते गैस सिलेंडर में लगी आग को भी बुझा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय भाजपा नेता तरुण पाल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *