किसान सम्मान दिवस पर प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान, उन्नत तकनीक और मिलेट्स खेती पर जोर

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को जनपद में किसान सम्मान दिवस मनाया गया। इस मौके पर आत्मा योजना के अंतर्गत सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
किसान मेला में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, मृदा परीक्षण, भूमि संरक्षण विभाग, इफको, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों एवं गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों से उन्नतशील खेती अपनाने, मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ाने तथा गेहूं-धान की परंपरागत खेती के साथ-साथ औद्यानिक व कैश क्रॉप अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है। साथ ही हल्दी एवं रेशम उत्पादन करने वाले किसानों का उत्साहवर्धन किया और अन्य किसानों को भी इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान रबी 2024-25 एवं खरीफ 2024 की फसल प्रतियोगिता में बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गेहूं, चना, धान, उड़द सहित श्रीअन्न व मिलेट्स फसलों—कोदो, बाजरा, ज्वार, रागी और सांवा—में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को प्रथम व द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग से चयनित किसानों को भी सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर 36 किसानों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण, मिलेट्स खेती, औद्यानिक फसलों की उन्नत विधियों, किचन गार्डन एवं वैल्यू एडिशन से संबंधित जानकारी दी।
किसान सम्मान दिवस एवं किसान मेला सह प्रदर्शनी में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *