Homeराष्ट्रीयजिंदा व्यक्ति को मृत दिखाकर फर्जी वरासत का आरोप

जिंदा व्यक्ति को मृत दिखाकर फर्जी वरासत का आरोप

रिपोर्ट – एकरार खान


गाजीपुर। जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र से राजस्व विभाग में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पिपनार, पोस्ट कनेरी निवासी घुरहू पुत्र खरमूली ने आरोप लगाया है कि उसे कागजों में मृत दिखाकर उसकी जमीन की फर्जी वरासत करा दी गई।
पीड़ित घुरहू के अनुसार वह पूरी तरह जीवित है, इसके बावजूद उसकी आराजी मौजा उपाधि स्थित गाटा संख्या 300, रकबा 0.426 हेक्टेयर की वरासत 03 जुलाई 2024 को क्षेत्रीय लेखपाल जितेंद्र यादव और ग्राम सचिव द्वारा आपसी मिलीभगत से कर दी गई। आरोप है कि साजिश के तहत फर्जी आधार पर चोरी-छिपे वरासत कराते हुए जमीन रमाशंकर पुत्र रामराज सिंह यादव के नाम दर्ज कर दी गई।
पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी खतौनी निकलवाने तहसील गया, तब उसे इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। रिकॉर्ड में खुद को मृत दर्शाया जाना देखकर वह स्तब्ध रह गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से फ्रॉड किया है।
इस मामले में घुरहू ने जिलाधिकारी गाजीपुर को लिखित शिकायत के साथ शपथ पत्र भी सौंपा है। उसने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी लेखपाल, ग्राम सचिव समेत अन्य नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामले के सामने आने के बाद राजस्व विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments