Headlines

थाना तितावी पुलिस व कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़, मोदीनगर का ‘दादा’ दबोचा—अलीशेर फरार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शनिवार देर रात थाना तितावी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली, जब चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोदीनगर, गाजियाबाद निवासी कुख्यात अपराधी इरशाद उर्फ दादा पुत्र कालू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अलीशेर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिशें दे रही है।

थाना प्रभारी पवन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर सीधा फायर झोंक दिया। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया, जिसकी पहचान इरशाद उर्फ दादा के रूप में हुई।

गिरफ्तार इरशाद के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मोटरसाइकिल की जांच में यह दिल्ली से चोरी की हुई पाई गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि इरशाद उर्फ दादा पर जनपद मुजफ्फरनगर के 9 थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देता आ रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर जिला प्रमुख द्वारा इनाम भी घोषित किया गया था। आरोपी क्षेत्र का सक्रिय, शातिर और हिस्ट्रीशीटर अपराधी माना जाता है।

फरार साथी अलीशेर की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अलीशेर को भी पकड़ लिया जाएगा।

यह मुठभेड़ जिला पुलिस के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत फरार, शातिर और इनामी अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *