रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चरथावल कस्बे में लगातार हो रही टोंटी चोरी की घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों को बड़ी राहत देते हुए चरथावल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में एसआई राजेश शर्मा, कॉन्स्टेबल राहुल गिरी और तेजेन्द्र धामा की टीम ने कस्बे के विभिन्न स्थानों पर पानी की टोंटियाँ चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग पुत्र मिलन, निवासी मोहल्ला कानूनगोयान को धर दबोचा। पूछताछ व तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कुल 24 टोंटियाँ बरामद हुईं, जिनकी चोरी से कस्बे के कई मोहल्लों के लोग परेशान थे। आरोपी लंबे समय से सुनसान इलाकों व गली-मोहल्लों को निशाना बनाकर पानी की टोंटियाँ उखाड़ कर बेचने का काम करता था।
चरथावल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से कस्बे में राहत की भावना है और लोग पुलिस की सक्रियता की सराहना कर रहे हैं।
