रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर/छपार/पुरकाजी
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बझेड़ी फाटक, सिसौना कट, भूराहेड़ी चेक पोस्ट और गंगनहर पुल सहित कई संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
डीएम और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कांवड़ियों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से यात्रा पूरी करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि यात्रा सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
