Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी जनसेवा पहल, 131 खोए स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों...

मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी जनसेवा पहल, 131 खोए स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों को लौटाए

रिपोर्टर: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

तीन माह में 131 मोबाइल फोन बरामद

मुजफ्फरनगर पुलिस ने जनसेवा अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले तीन माह में 131 खोए हुए स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस तकनीक का मिला लाभ

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल तथा आधुनिक सर्विलांस तकनीक का उपयोग कर विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने की।

एसएसपी ने लौटाए मोबाइल

बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सभी 131 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके खोए हुए फोन दोबारा मिल पाएंगे।

लोगों से की यह अपील

एसएसपी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा स्थानीय पुलिस को भी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस और जनता के बीच बढ़ा विश्वास

इस अभियान के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई जा सके।

सर्विलांस टीम की रही अहम भूमिका

मोबाइल बरामदगी अभियान में प्रभारी सर्विलांस सेल विकास चौधरी, हेड कांस्टेबल कालूराम, हेड कांस्टेबल राहुल सिरोही, हेड कांस्टेबल नितिन कुमार तथा हेड कांस्टेबल अंकित शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments