रिपोर्टर: कबीर
स्थान: बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर
लाइव प्रसारण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना स्थित शंकर पैलेस में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए डीबीटी राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों ने भाग लिया।
शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक उमेश मलिक ने की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत पात्र शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए डीबीटी योजना
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के अभिभावकों को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी की खरीद के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1,200 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
लाभार्थियों को वितरित किए गए कार्ड
खंड शिक्षा अधिकारी किरण यादव एवं खंड शिक्षा अधिकारी संजय भारती की मौजूदगी में चयनित शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। वहीं, परिषदीय विद्यालयों के 10 विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डीबीटी किट प्रदान कर योजना का शुभारंभ किया गया।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, तहसीलदार महेंद्र यादव, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बुढ़ाना के प्रबंधक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 300 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों ने भाग लिया तथा सरकार की दोनों योजनाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
