रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में मरीजों से इलाज, जांच या सरकारी सुविधाओं के नाम पर पैसे मांगने वालों पर अब कार्रवाई होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों या तीमारदारों से किसी भी सरकारी सुविधा के नाम पर धनराशि मांगने अथवा लेन-देन करने की शिकायत मिलने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
सीएमओ ने अस्पताल परिसर में स्थापित पुलिस चौकी के प्रभारी को साथ लेकर विभिन्न वार्डों, ओपीडी और अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को बताया कि जिला चिकित्सालय में सरकारी व्यवस्था के तहत उपलब्ध उपचार और सुविधाएं निशुल्क हैं। किसी भी मरीज या तीमारदार को इलाज, जांच अथवा अन्य सरकारी सुविधा के लिए किसी को पैसे देने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सुविधा दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है तो तत्काल अस्पताल परिसर की पुलिस चौकी पर शिकायत करें। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह को भी सीधे सूचना दें। सीएमओ ने पुलिस चौकी प्रभारी और अस्पताल प्रशासन को ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सर्दी के मौसम को देखते हुए अस्पताल में बनाए गए रैन बसेरे की व्यवस्थाएं भी परखी। मरीजों और तीमारदारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), टेलीमेडिसिन सेवाओं और विभिन्न ओपीडी का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह भी मौजूद रहे।

