रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जनपद में टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बाल टीबी की पहचान, जांच, उपचार और प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में जनपद के सभी चिकित्सा अधिकारियों को बच्चों में टीबी के लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय प्रताप साही ने की। मेडिकल कॉलेज से आए प्रशिक्षकों ने बाल टीबी से जुड़े चिकित्सकीय पहलुओं और तकनीकी जानकारी साझा की। श्रीमती गरिमा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बाल टीबी के लक्षण, स्क्रीनिंग, जांच, निदान और उपचार की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बच्चों में टीबी की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। चिकित्सा अधिकारी बच्चों में टीबी के संभावित लक्षणों को गंभीरता से लें और जांच व उपचार में देरी न होने दें।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय प्रताप साही ने शीघ्र पहचान, उचित जांच और नियमित उपचार पर जोर देते हुए टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्सा अधिकारियों की क्षमता बढ़ाकर बच्चों में टीबी की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना रहा, ताकि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा सकें।

