रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के बरला इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। जिला सेवायोजन कार्यालय और बरला इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में निजी क्षेत्र की 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार और परीक्षा के माध्यम से 273 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए अपनी योग्यता प्रस्तुत की, जिनमें से 198 अभ्यर्थियों को प्रथम चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया। उन्होंने युवाओं को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि बदलती परिस्थितियों में तकनीकी ज्ञान और कौशल युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें रोजगार एवं करियर चुनने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया।
मेले में पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, टाटा एआईए समेत 15 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रक्रिया में शामिल किया। युवाओं ने अलग-अलग पदों के लिए साक्षात्कार और परीक्षा में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी पारुल सिंघल, कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह, उपप्रधानाचार्य हरीश कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अश्वनी कुमार सहित सेवायोजन कार्यालय के राधेश्याम, प्रदीप कुमार, शिव शंकर, जितेंद्र कुमार और रोहीन तथा बरला इंटर कॉलेज के कर्मचारियों का सहयोग रहा।

