रिपोर्टर : कबीर
लोकेशन : मुजफ्फरनगर
आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना शाहपुर परिसर में कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील
एसपी ग्रामीण ने कहा कि कांवड़ यात्रा जनपद का महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की।
मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही शिविरों के आसपास किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो, जिससे यातायात बाधित न होने पाए।
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
एसपी ग्रामीण ने कहा कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुसार ही किया जाए। इसके अलावा प्रत्येक शिविर में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
शांतिपूर्ण और सुरक्षित यात्रा पर जोर
उन्होंने कहा कि सभी शिविर संचालक आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। पुलिस प्रशासन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।
बैठक में क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, थाना शाहपुर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कांवड़ सेवा शिविर संचालक उपस्थित रहे।
