स्थान: श्रावस्ती
श्रावस्ती में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर जिले के 28 बाढ़ शरणालयों को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार ने बाढ़ शरणालयों और राप्ती बैराज का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने लक्ष्मननगर और वीरगंज स्थित विद्यालयों में संचालित बाढ़ शरणालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने अधिकारियों को राप्ती नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश भी दिए हैं।
