रिपोर्ट: मनीष शर्मा, बुलंदशहर
बुलंदशहर/शिकारपुर। बुलंदशहर के शिकारपुर कस्बे में स्थित चामड़ मंदिर से एक पुजारी का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बिट्टू के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से चामड़ मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान की सेवा कर रहे थे। वह मंदिर परिसर में बने एक कमरे में रहते थे। शनिवार को उनका शव उसी कमरे में फंदे से लटका मिला।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना कोतवाली शिकारपुर क्षेत्र के मोहल्ला नौगंज स्थित चामड़ मंदिर की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
