रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात का खुलासा करने पहुंची पुलिस की पचेण्डा रोड पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर चोर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान न्याजूपुरा निवासी नवाब हैदर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, बिना नंबर की बाइक और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्तूबर को बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी ऋषभ देव शर्मा के बंद मकान से नकदी और दो गैस सिलेंडर समेत सामान चोरी कर लिया गया था। मामले में नई मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम पचेण्डा रोड स्थित प्लेटिनम रिसोर्ट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक गैस सिलेंडर लेकर आते दिखाई दिए।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपी बाइक और सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नवाब हैदर घायल हो गया, जबकि उसका साथी आफताब फरार होने में कामयाब रहा।
देहरादून से चोरी की थी बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आफताब के साथ बच्चन सिंह कॉलोनी के बंद मकान में चोरी करना स्वीकार किया है। उसके मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल बाइक करीब एक माह पहले देहरादून से चोरी की गई थी। दोनों इसी बाइक से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान पहले ही बेच दिया गया था। बरामद सिलेंडर बेचने के लिए ले जाते समय दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सहारनपुर में भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नवाब हैदर का सहारनपुर के सदर बाजार, देवबंद, जनकपुरी और कुतुबशेर समेत विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमों का इतिहास है। उसके खिलाफ नई मंडी थाने में भी पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। फरार आफताब की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, बिना नंबर की काली एचएफ डीलक्स बाइक और प्लास, हथौड़ी व सरिया समेत चोरी के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया है।
