रामेश्वरम मंदिर की प्रथम स्थापना वर्षगांठ पर होगा भव्य आयोजन, स्व. कृष्णानंद राय की प्रतिमा की प्रथम वर्षगांठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
रिपोर्ट – एकरार खान
गाजीपुर। भांवरकोल ब्लॉक परिसर में आगामी 5 नवंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
भाजपा नेता आनंद राय ‘मुन्ना’ ने जानकारी देते हुए बताया कि रामेश्वरम मंदिर की प्रथम स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर विशाल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही पूर्व विधायक स्व. कृष्णानंद राय की प्रतिमा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।
भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख श्रीमती श्रद्धा राय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और क्षेत्र की स्मृतियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन के जरिए स्व. कृष्णानंद राय की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजकों की ओर से क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जा रही है।
