रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित राजनीतिक और कारोबारी परिवार से जुड़े पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जीएसटी टीम के विरोध में हुए बलवे के मामले में गिरफ्तारी और जमानत के बाद ईडी की कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे शाहनवाज राणा अब 75 लाख रुपये की कथित कारोबारी धोखाधड़ी के मामले में घिर गए हैं। नई मंडी कोतवाली में उनके साथ उनके दोनों बेटों आजम शाह राणा और अब्दुल अहद राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मंगलौर स्थित एक फैक्ट्री का मालिक बताकर कारोबारी से दो खेप में 75 लाख रुपये का स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगवाया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। कारोबारी ने फैक्ट्री के स्वामित्व से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाने और रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
भरतिया कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करता है। सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उसकी मुलाकात शाहनवाज राणा से हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान शाहनवाज राणा ने उसे उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मित्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में कारोबार करने का प्रस्ताव दिया और फैक्ट्री को अपनी बताया।
शिकायत के मुताबिक, जितेंद्र चौधरी अपने बेटे भीम चौधरी के साथ फैक्ट्री पहुंचा था। वहां शाहनवाज राणा के दोनों बेटे आजम शाह राणा और अब्दुल अहद राणा भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने फैक्ट्री के दस्तावेज दिखाकर कारोबारी का विश्वास जीता और स्क्रैप व स्पंज आयरन की नियमित सप्लाई करने को कहा। माल पहुंचने के 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिया गया।
दो खेप में भेजा 75 लाख का माल, भुगतान अटका
कारोबारी के अनुसार उसने सितंबर 2024 में पहली खेप में करीब 40 लाख रुपये का माल फैक्ट्री में भेजा। इसके बाद नवंबर 2024 में दूसरी खेप के रूप में करीब 35 लाख रुपये का स्क्रैप और स्पंज आयरन सप्लाई किया। इस तरह कुल 75 लाख रुपये का माल फैक्ट्री पहुंचाया गया। आरोप है कि निर्धारित 20 दिन की अवधि बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर बार-बार आश्वासन देकर टालमटोल की जाती रही।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा जीतने का आरोप
जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि मंगलौर स्थित फैक्ट्री का वास्तविक मालिक शाहनवाज राणा नहीं है। आरोप है कि फैक्ट्री का मालिकाना हक साबित करने के लिए कथित फर्जी दस्तावेज दिखाए गए थे। कारोबारी का कहना है कि यदि उसे वास्तविक स्थिति की जानकारी होती तो वह इतनी बड़ी रकम का माल सप्लाई नहीं करता।
रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी
शिकायत में 25 अगस्त 2025 की घटना का भी उल्लेख किया गया है। कारोबारी के मुताबिक वह अपने बेटे के साथ शाहनवाज राणा के आवास पर बकाया रकम मांगने पहुंचा था। आरोप है कि वहां शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे कहा गया कि पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं और उसकी हत्या के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होगी।
एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज
कारोबारी ने 27 जुलाई 2026 को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके आधार पर नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शाहनवाज राणा, आजम शाह राणा और अब्दुल अहद राणा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अब पुलिस के सामने 75 लाख रुपये के कारोबारी लेनदेन, फैक्ट्री के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों और माल की आपूर्ति के रिकॉर्ड की जांच करना अहम होगा। यह भी जांच की जाएगी कि फैक्ट्री के दस्तावेज किसने दिखाए और पूरे लेनदेन में तीनों आरोपियों की क्या भूमिका रही।
राजनीति और स्टील कारोबार में पहचान रखने वाले राणा परिवार के लिए यह मामला नई कानूनी चुनौती बनकर सामने आया है। फिलहाल मुकदमा कारोबारी की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर दर्ज हुआ है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

