रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जमीयत उलमा तहसील खतौली की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को मदरसा काशिफुल उलूम, पुरबालियान में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को गांव और तहसील स्तर पर मजबूत बनाने, सामाजिक बुराइयों को दूर करने, निकाह में सादगी अपनाने और नई पीढ़ी को धार्मिक शिक्षा से जोड़ने सहित कई अहम मुद्दों पर मंथन किया गया। इस दौरान विभिन्न विषयों से जुड़े प्रस्ताव पेश किए गए, जिन्हें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद हाशिम ने की, जबकि संचालन मुफ्ती मुजीब नदवी और मौलाना खालिद ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि जमीयत उलमा उत्तर प्रदेश के नाजिम-ए-तंजीम मुफ्ती मोहम्मद जफर कासमी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए गांव और तहसील स्तर पर इकाइयों को सक्रिय करना जरूरी है। जमीयत का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
जमीयत उलमा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष मुफ्ती बिन्यामीन कासमी ने समाज में बढ़ती बुराइयों और फिजूलखर्ची पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समाज सुधार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। निकाह को आसान बनाने और शादी-विवाह में सादगी को बढ़ावा देने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सचिव मौलाना मोहम्मद मूसा कासमी ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव पर जोर देते हुए कहा कि सभी धर्मों के लोगों के बीच संवाद और विश्वास का माहौल मजबूत होना चाहिए। प्रदेश सचिव कारी अब्दुल मुईद चौधरी ने गांवों को स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक एकता के मामले में आदर्श बनाने की अपील की।
मौलाना सैयद साद खानजहांनपुरी ने नई पीढ़ी की धार्मिक शिक्षा के लिए प्रत्येक बस्ती में मकतब स्थापित करने और बेहतर शैक्षिक व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई। जिला उपाध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल कादिर ने मस्जिदों को नमाज के साथ शिक्षा, समाज सुधार और जनसेवा का केंद्र बनाने पर बल दिया। वहीं जिला उपाध्यक्ष मौलाना मोहम्मद इमरान रशीदी ने जनगणना, एसआईआर और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।
बैठक में धार्मिक शिक्षा बोर्ड, सद्भावना मंच, समाज सुधार, जनगणना एवं एसआईआर और निकाह काउंसलिंग से संबंधित प्रस्ताव भी रखे गए। कारी जावेद इरशादी, मौलाना एहसानुल हक, मौलाना अब्दुल करीम, मौलाना लुकमान और मुफ्ती अदनान ने अलग-अलग प्रस्ताव पेश किए। सभी प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सदस्यों ने सर्वसम्मति से इन्हें पारित कर दिया।
बैठक में मुफ्ती अब्दुल जब्बार, कारी मोहब्बत दीन, सूफी अनवार, डॉक्टर इकबाल, आफाक खान, मौलाना शाहनवाज सठेड़ी, मौलाना रिजवान नगला, कारी महफूज फलौत, मौलाना अब्दुस्समद और मौलाना अब्दुल करीम सहित बड़ी संख्या में उलमा, इमाम और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंत में मौलाना मोहम्मद हाशिम ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। देश और समाज में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ के साथ बैठक का समापन हुआ।

