रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, इसलिए अधिकारी पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने में तेजी लाएं। यह निर्देश उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने निरीक्षण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंडलीय और जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने दिव्यांगजन उपकरण वितरण, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, ई-ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और दिव्यांग शादी-विवाह अनुदान योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके साथ ही पिछड़ी जाति छात्रवृत्ति, ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण और पिछड़ी जाति शादी अनुदान योजना की भी समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी। अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की पहचान कर आवेदन प्रक्रिया और लाभ वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद मंत्री ने जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ बैठक कर जनसामान्य को आवश्यक सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय सहित संबंधित जनपदों के मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।

