Homeउत्तर प्रदेशबीमा लाभ का झांसा देकर ठगी, खाते में 25.64 लाख का लेनदेन;...

बीमा लाभ का झांसा देकर ठगी, खाते में 25.64 लाख का लेनदेन; कमीशन पर खाता देने वाला गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बीमा लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को कमीशन पर बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने खतौली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में करीब 25.64 लाख रुपये की साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेनदेन सामने आया है। खाते पर महाराष्ट्र, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न प्रदेशों से चार साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज थीं।

साइबर थाना पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल प्रतिबिंब पर मुजफ्फरनगर से संबंधित एक बैंक खाता संदिग्ध गतिविधियों के चलते सामने आया था। जांच में पता चला कि इस खाते के माध्यम से मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) के अधिकारी बनकर लोगों को बीमा लाभ दिलाने का झांसा दिया जा रहा था और उनसे धोखाधड़ी कर रकम वसूली जा रही थी।

जांच के दौरान बैंक खाते में करीब 25 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को खाता संचालक कुलदीप पुत्र हरगोविंद सिंह, निवासी शिवपुरी, खतौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

दो प्रतिशत कमीशन पर दिया था बैंक खाता

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि वह पहले श्री श्याम क्रेन सर्विस के नाम से काम करता था। इसके लिए उसने श्री श्याम कॉन्ट्रेक्टर नाम से फर्म बनाकर खतौली स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया था। काम बंद होने के बाद उसके साथ रहने वाले आशीष ने परिचितों के कारोबार का पैसा खाते में मंगवाने के बदले दो प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया। इसके बाद वह खाते में रकम मंगवाने के लिए तैयार हो गया।

आरोपी के अनुसार, आशीष कई बार खाते में रकम ट्रांसफर करवाता था और उसे बैंक ले जाकर धनराशि निकलवाता था। इस दौरान साहिल उर्फ नितिन, निवासी गाजियाबाद भी साथ आता था। निकाली गई रकम में से दो प्रतिशत कमीशन कुलदीप को दिया जाता था, जबकि बाकी रकम साहिल उर्फ नितिन को सौंप दी जाती थी।

दिल्ली में भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ साइबर थाना मुजफ्फरनगर में धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा दिल्ली के नार्थ वेस्ट साइबर थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, पंकज सिंह तथा हेड कांस्टेबल आकाश कुमार, बालकिशन और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments