Homeउत्तर प्रदेशतेजाब कांड के आरोपी की फरारी पर पुलिस का शिकंजा, 80 मिनट...

तेजाब कांड के आरोपी की फरारी पर पुलिस का शिकंजा, 80 मिनट में जंगल में घेरकर मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

जिला अस्पताल से पुलिस हिरासत से फरार हुआ आरोपी, पुलिस पर फायरिंग का आरोप; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

रिपोर्टर: कबीर

मुजफ्फरनगर। पत्नी पर तेजाब डालने के मामले में गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज के जिला अस्पताल से पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद पुलिस ने महज 80 मिनट के भीतर उसे मुठभेड़ के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सुजड़ू के जंगल में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक किदवई नगर निवासी शाहनवाज को गुरुवार रात पत्नी पर तेजाब डालने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को अदालत में पेश करने से पहले जिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का यह भी आरोप है कि फरारी के दौरान उसने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर की पुलिस अलर्ट हो गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू की गई और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी सुजड़ू के जंगल की ओर भागा है। पुलिस ने कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से भाग रहा था, लेकिन रास्ते में बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पत्नी पर तेजाब डालने का है आरोप

पुलिस के अनुसार शाहनवाज पर 7 जून को घरेलू विवाद और शक के चलते अपनी पत्नी गुलफशा पर तेजाब डालने का आरोप है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई थी और उसका उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता के मायके पक्ष की शिकायत पर 23 जून को थाना खालापार में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच

सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस हिरासत से फरार होने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में भी उसके खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments