रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को भोपा रोड स्थित एस.डी. पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। इसलिए जनगणना कार्य में आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और फील्ड में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने डिजिटल तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल, सही आंकड़े दर्ज करने और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया, डिजिटल प्रणाली, तकनीकी संसाधनों और फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर्स की ओर से दिए जाने वाले प्रशिक्षण की रूपरेखा भी समझाई गई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण में अनुशासन और गंभीरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर जनगणना के दौरान एकरूपता, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उपजिलाधिकारी/उप जनगणना अधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जनगणना निदेशालय से नामित प्रभारी, चार्ज अधिकारी, जनगणना सहायक और संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
