रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर मीरापुर। एक बाइक पर पांच युवकों के सवार होकर सड़क पर हुड़दंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना उन्हें भारी पड़ गया। वीडियो सामने आते ही मीरापुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर पांचों युवकों को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की। बताया गया कि पांचों युवक एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान युवक पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते नजर आए। उन्होंने भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की बात कही।
पुलिस ने स्प्लेंडर बाइक को सीज कर दिया। पांचों युवकों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई। साथ ही बाइक पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मीरापुर पुलिस की कार्रवाई ने सड़क पर नियमों की अनदेखी कर हुड़दंग करने वालों को साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी पुलिस कार्रवाई कर सकती है।
