Homeउत्तर प्रदेशअतिक्रमण पर सिटी मजिस्ट्रेट का शिकंजा, खालसा रिक्शा कंपनी पर 20 हजार...

अतिक्रमण पर सिटी मजिस्ट्रेट का शिकंजा, खालसा रिक्शा कंपनी पर 20 हजार जुर्माना

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा कर आम लोगों की राह रोकने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल ने नगरपालिका ईओ पवन कुमार और टीम के साथ सहारनपुर बस स्टैंड से रुड़की रोड और आनंदपुरी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खालसा रिक्शा कंपनी पर 20 हजार रुपये, होली होम अस्पताल पर पांच हजार रुपये और दो लकड़ी की टाल पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

सड़क पर खड़ी मिलीं एक दर्जन नई रिक्शा, कंपनी पर 20 हजार का जुर्माना

सहारनपुर बस स्टैंड के निकट खालसा रिक्शा कंपनी के शोरूम के बाहर सड़क पर करीब एक दर्जन नई रिक्शा खड़ी मिलीं। कंपनी की ओर से रिक्शाओं को डेमो के लिए सड़क पर खड़ा किया गया था, लेकिन इससे यातायात प्रभावित हो रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने सार्वजनिक सड़क को शोरूम के प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल करने पर नाराजगी जताई और कंपनी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।

अस्पताल की पार्किंग में निजी वाहन, मरीज सड़क पर पार्किंग को मजबूर

होली होम अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था की स्थिति भी अधिकारियों को खटक गई। अस्पताल परिसर की पार्किंग में निजी वाहन खड़े थे, जबकि मरीजों और तीमारदारों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ रहे थे। इससे यातायात बाधित होने के साथ मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। अस्पताल पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

दो लकड़ी की टाल पर भी कार्रवाई

माया पैलेस के बाहर स्थित लकड़ी की टाल समेत दो लकड़ी की टाल पर कार्रवाई करते हुए पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। संचालकों को सड़क और फुटपाथ पर लकड़ी व अन्य सामान रखकर रास्ता बाधित नहीं करने की चेतावनी दी गई।

आनंदपुरी और रुड़की रोड पर भी हटवाया अतिक्रमण

आनंदपुरी पेट्रोल पंप के आसपास दुकानदारों द्वारा बाहर सामान रखकर किए गए कब्जे हटवाए गए। रुड़की रोड पर भी टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान और आवागमन में बाधा बन रहे अवरोधों को हटवाया। सिटी मजिस्ट्रेट के पहुंचते ही दुकानदारों में खलबली मच गई। नगरपालिका की कई गाड़ियों के साथ पहुंची टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं। दुकानदार और प्रतिष्ठान संचालक अपनी गतिविधियां निर्धारित सीमा के भीतर रखें। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर जुर्माने के साथ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने अभियान आगे भी जारी रखने के संकेत दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments