Homeउत्तर प्रदेशशिवसेना ने बांटी शाल-चादर, चुनाव पर ठोका दावा

शिवसेना ने बांटी शाल-चादर, चुनाव पर ठोका दावा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर शिवसेना पश्चिम उत्तर प्रदेश इकाई ने बुधवार को जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया। पश्चिम प्रदेश कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों को शाल व चादर वितरित की गईं। इसके बाद भंडारे का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को भोजन और प्रसाद कराया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम प्रदेश राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने की, जबकि संचालन मंडल प्रमुख शरद कपूर ने किया। शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूल के निर्देश पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सेवा और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शाल और चादर वितरित कीं। सहायता मिलने पर लोगों ने शिवसेना पदाधिकारियों का आभार जताया। कार्यालय परिसर में आयोजित भंडारे में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भोजन और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यकर्ताओं ने स्वयं व्यवस्थाएं संभालते हुए लोगों को भोजन कराया।

सेवा के साथ सियासत का संदेश

कार्यक्रम में जनसेवा के साथ शिवसेना ने अपनी राजनीतिक सक्रियता का भी संदेश दिया। प्रदेश महासचिव बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होता है तो शिवसेना प्रत्येक जनपद में कम से कम एक विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना सामाजिक सरोकारों के साथ राजनीतिक स्तर पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी।

अस्पतालों में फल, जरूरतमंदों को कंबल

पश्चिम प्रदेश राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने कहा कि शिवसेना केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। संगठन जरूरतमंद लोगों की मदद और जनसेवा के कार्यों को भी प्राथमिकता देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर के अवसर पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के तहत अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, भंडारे, जरूरतमंद लोगों को शाल और कंबल वितरण समेत अन्य सामाजिक गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कार्यक्रम में पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन के जनसेवा कार्यक्रम सफल हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी एकजुट होकर सामाजिक और जनसेवा के कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पश्चिम प्रदेश राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा, प्रदेश महासचिव बिट्टू सिखेड़ा, प्रदेश उपप्रमुख प्रमोद अग्रवाल, मंडल प्रमुख शरद कपूर, जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, जिला उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, भवानी सेवा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी, जिला महासचिव देवेंद्र चौहान, गौरव गर्ग, लोकेश कुमार, दीपक उपाध्याय, दिनेश कुमार, सविता गौतम, पूनम चौहान, अनीता प्रजापति, सुमन प्रजापति, रानी चौधरी, अनोखी दुबे, मिथिलेश गिरी और सुमन विश्वकर्मा सहित शिवसेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments