रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। वोट बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वोट बचाओ अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर मजबूती से काम किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए और प्रत्येक पात्र मतदाता का वोटर लिस्ट में नाम दर्ज हो। उन्होंने अभियान को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और मतदाता सूची की जांच करने के निर्देश दिए।
बैठक में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला, नगर, ब्लॉक और मंडल कमेटियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। आगामी दिनों में इन कमेटियों को मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर रहेगा।

