Homeउत्तर प्रदेशमूक-बधिर चालकों के लिए सड़क पर संवेदनशीलता का संदेश, यातायात पुलिस ने...

मूक-बधिर चालकों के लिए सड़क पर संवेदनशीलता का संदेश, यातायात पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मूक-बधिर वाहन चालकों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को जागरूकता रैली निकाली। रैली में मूक-बधिर वाहन चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आमजन को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन तथा एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रावधानों के तहत डेफ ड्राइवर सेफ्टी स्कीम लागू करने के उद्देश्य से चलाया गया। इसके लिए यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से जारी निर्देशों का पालन किया गया।

रैली के दौरान मूक-बधिर वाहन चालकों ने लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित किए। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य मूक-बधिर वाहन चालकों के विशेष पहचान चिह्न डेफ ड्राइवर लोगो के बारे में आमजन को जानकारी देना रहा, ताकि सड़क पर इस लोगो वाले वाहनों को देखकर अन्य चालक सतर्कता और संवेदनशीलता बरतें। कार्यक्रम में मूक-बधिर चालकों को हेलमेट और डेफ ड्राइवर लोगो भी वितरित किए गए।

यातायात पुलिस ने अपील की कि सड़क पर डेफ ड्राइवर लोगो लगे वाहनों के प्रति धैर्य रखें, उचित दूरी बनाए रखें और अनावश्यक हॉर्न या जल्दबाजी से बचें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और दिव्यांगजन भी जागरूकता अभियान के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments