रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। हुनर, जुनून और 36 साल की कड़ी मेहनत का दमदार नतीजा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है। मुजफ्फरनगर के निशानेबाज डॉ. दानिश खान ने नई दिल्ली में आयोजित 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मास्टर मेन इंडिविजुअल स्कीट स्पर्धा के फाइनल में उन्होंने 29 निशाने साधकर पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस कामयाबी से खेल जगत में मुजफ्फरनगर का मान बढ़ा है।
नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 21 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के निशानेबाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के मास्टर मेन इंडिविजुअल स्कीट फाइनल में आठ निशानेबाजों के बीच मुकाबला हुआ। डॉ. दानिश खान ने क्वालिफिकेशन राउंड में 125 में से 109 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 निशाने साधे और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। तेलंगाना के जे. जयेशचंद 27 निशानों के साथ दूसरे और दिल्ली के सैय्यद हम्माद मीर 25 निशानों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
डॉक्टर की जिम्मेदारी के साथ शूटिंग का जुनून बरकरार
डॉ. दानिश खान की यह सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि वह पेशे से ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं और अपना निजी अस्पताल भी संचालित करते हैं। चिकित्सा क्षेत्र की व्यस्त दिनचर्या के बीच उन्होंने निशानेबाजी के जुनून को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। वर्ष 1990 से शुरू हुआ उनका शूटिंग का सफर 36 साल बाद भी उसी लगन के साथ जारी है। उनका कहना है कि इस लंबे सफर में उन्होंने कभी स्टेट चैंपियनशिप नहीं छोड़ी और पिछले 20 वर्षों में किसी नेशनल चैंपियनशिप से भी अनुपस्थित नहीं रहे।
शूटिंग के अभ्यास के लिए वह करीब 350 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचते हैं। वहां अभ्यास करने के बाद रात करीब 12 बजे वापस लौटते हैं और फिर अपने अस्पताल की जिम्मेदारियां संभालते हैं। खेल के प्रति उनका यह समर्पण उनकी उपलब्धियों में साफ नजर आता है।
सैकड़ों पदक जीत चुके हैं डॉ. दानिश
डॉ. दानिश खान अब तक सैकड़ों पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनके खाते में दो नेशनल गोल्ड, दो नेशनल ब्रॉन्ज और आठ इंडिया ओपन पदक सहित कई बड़ी उपलब्धियां दर्ज हैं। पिछले वर्ष दुबई में आयोजित ओपन गेम्स में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। नेशनल चैंपियनशिप में मिली यह नई सफलता उनके लंबे खेल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।
ओलंपिक में तिरंगे के साथ राष्ट्रगान सुनना सपना
डॉ. दानिश खान का अगला लक्ष्य ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना है। उनका सपना है कि वह ओलंपिक के पदक मंच पर खड़े होकर भारत का राष्ट्रगान सुनें। निशानेबाजी में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पूरी लगन, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ प्रयास किया जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो व्यस्त दिनचर्या के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का जुनून रखते हैं।

