शादी का दबाव बनाने और धमकी देने से परेशान होकर हत्या करने का आरोपी ने किया खुलासा, जंगल से युवती के कपड़े व अन्य सामान बरामद
रिपोर्ट – राकेश कुमार
चांदपुर, बिजनौर। थाना चांदपुर पुलिस ने युवती राखी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास पुत्र शीशराम निवासी ग्राम गंधौर, थाना हीमपुर दीपा के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को ग्राम कुतुबपुर गांवड़ी निवासी रेखा देवी पत्नी मदनपाल ने अपनी पुत्री राखी की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना चांदपुर में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को विकास पर संदेह हुआ। इसके बाद हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई, जिसमें 28 सितंबर 2026 को ग्राम बावनपुरा के पास जंगल में राखी की हत्या करने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ ग्राम कुतुबपुर गांवड़ी में किराये पर रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान राखी से हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए। बाद में राखी द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने और इनकार करने पर फंसाने की धमकी दिए जाने से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी के कथन के अनुसार, 28 सितंबर को उसने राखी को मिलने के बहाने बुलाया और ई-रिक्शा व ऑटो से ग्राम बावनपुरा के पास नहर किनारे जंगल में ले गया। वहां शराब और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने राखी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी तथा मौत सुनिश्चित करने के लिए चाकू से उसका गला काट दिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में छिपा दिया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से चाकू तथा मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर स्थानीय पुलिस एवं फील्ड यूनिट ने जंगल से हड्डियों के अवशेष, एक मरून रंग का दुपट्टा, नीले-काले रंग के जूते, फटा हुआ गुलाबी फ्रॉक, अंतःवस्त्र तथा सफेद धातु की एक परत बरामद की है। इसके अलावा शराब का खाली पाउच और स्प्राइट की खाली बोतल भी मिली है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में गौतमबुद्ध नगर के थाना क्षेत्र में चोरी एवं खनन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। वर्तमान मामले में थाना चांदपुर पर मु0अ0सं0 690/26 धारा 103(1)/238(क) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

