ब्यूरो रिपोर्ट
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में मेट्रो, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, विद्युत पारेषण और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के इस दौरे में बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन और मंगलुरु में भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करना प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है।
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को मिलेगी हरी झंडी
प्रधानमंत्री बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कालेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक के हिस्से का उद्घाटन करेंगे। लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस खंड से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा और यात्रा समय में कमी का लाभ मिल सकेगा।
मंगलुरु में देश का सबसे बड़ा भूमिगत LPG भंडारण केंद्र
इस दौरे का एक प्रमुख आकर्षण मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र होगा। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। यह सुविधा देश की एलपीजी भंडारण व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री 330 करोड़ रुपये की लागत से बने देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण की क्षमता बढ़ेगी।
रेलवे और वंदे भारत को भी मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन कर्नाटक और गोवा के बीच तेज रेल संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
प्रधानमंत्री 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वंडाल रेल दोहरीकरण खंड और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेल खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं पर भी रहेगा जोर
कर्नाटक में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री कोप्पल-II और गदग-II नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों की पारेषण योजना का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4,450 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना करीब 2 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड तक पहुंचाने में मदद करेगी।
इसके अलावा बीदर में लगभग 1,370 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सौर ऊर्जा पारेषण योजना का भी उद्घाटन किया जाएगा। दावणगेरे, चित्रदुर्ग और बल्लारी में ऊर्जा पारेषण से संबंधित नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
मैसूरु में भारत के पहले LED डोम तारामंडल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। इसे भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल बताया गया है। यहां अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री भारत वन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह परियोजना लगभग 17.63 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है, जिसमें दो लाख से अधिक देशी पेड़ लगाने का लक्ष्य है।
प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के प्रशांति कुटीरम परिसर में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वे स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड की आधारशिला रखेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस केंद्र का शुभारंभ करेंगे।
14 नवंबर को अंबाजी मंदिर में करेंगे दर्शन
कर्नाटक दौरे के बाद प्रधानमंत्री 14 नवंबर को गुजरात के बनासकांठा स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। अंबाजी मंदिर देश के 51 प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है।
प्रधानमंत्री का यह दो दिवसीय दौरा परिवहन, ऊर्जा, रेलवे, पर्यटन और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

